Uttarakhand News 2 June 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर अभद्र टिप्पणी का एक वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रोशनाबाद स्थित केशव नगर के मंडल अध्यक्ष बिंदर पाल ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है।
जिसमें एक व्यक्ति स्वयं को अतीक अहमद निवासी रोशनाबाद, सिडकुल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है।
शिकायत पर पुलिस ने वीडियो की जांच की। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने खोजबीन के बाद दबिश देते हुए आरोपित अतीक निवासी रोशनाबाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया है।
एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।










