हल्द्वानी: गढ़वाल के बाद कुमाऊं में भी अफ्रीकन स्वाइन फीवर ने दस्तक दे दी है। नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले में सुअरों की लगातार हो रही मौत के बाद लिए पशुपालन विभाग ने सैंपल लिए थे। दोनों जिलों से 24 सैंपल में 11 सुअरों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की पुष्टि हुई है।

अफ्रीकन स्वाइन फीवर की दस्तक से पशुपालन विभाग में हड़कंप मचा है। जवाहर नगर और नई बस्ती में चार सैंपल पॉजिटिव मिलने के बाद दोनों क्षेत्रों को संक्रमित जोन घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने इन इलाकों में अग्रिम आदेशों तक सूअर मांस प्रतिबंधित कर दिया है।

शहर के गांधीनगर में 10 जुलाई को अनजान बीमारी से सूअरों के मरने का मामला सामने आया था। इसके बाद पशुपालन विभाग ने मौके पर टीम भेजकर मामले की जांच कराई। उस समय लगातार सुअरों के मरने की भी सूचना आ रही थी।

अब चार सुअरों में स्वाइन फीवर (African Swine Fever) की पुष्टि होने पर डीएम धीराज सिंह गब्र्याल ने जवाहर नगर वार्ड व नई बस्ती वार्ड काठगोदाम के संक्रमित क्षेत्रों को तीन जोन में विभाजित किया गया है। इसमें संक्रमित, निगरानी व रोगमुक्त जोन हैं।

उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को संक्रमित वार्डो में बचाव व रोकथाम के उपाय करने के निर्देश दिए। साथ ही बीमारी से मरे सुअरों को निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही गड्ढे में ही दफनाने को कहा गया है।