Uttarakhand News 14 May 2026: बागेश्वर जिले के कांडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाकर उसे गर्भवती कर दिया। पीड़िता की बड़ी बहन की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों किशोरी ने अपने पेट और कमर में तेज दर्द की शिकायत की थी। परिजन उसे उपचार और जांच के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकीय परीक्षण में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इस खुलासे के बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई, पीड़िता से पूछताछ के बाद उसकी बहन ने कांडा थाने में तहरीर देकर आरोपी अशोक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अशोक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसे गर्भवती बना दिया। एसओ बलवंत कंबोज ने बताया कि मामले संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल सक्रियता दिखाई और आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी अशोक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।