Uttarakhand News 13 Aug 2026: सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बैंक अधिकारी-कर्मचारियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया।
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर कार्यालय समय के बाद एस्लेहाल में बैंक कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और भारतीय बैंक संघ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था तत्काल लागू करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में यूएफबीयू के घटक संगठनों एआइबीईए, एआइबीओसी, एनसीबीई, एआइबीओए, बीईएफआइ, आइएनबीओसी और आइएनबीईएफ के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने भाग लिया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर भारतीय बैंक संघ पहले ही समझौता ज्ञापन और संयुक्त टिप्पणी में सहमति जता चुका है तथा प्रस्ताव सरकार को भेजा जा चुका है।
इसके बावजूद लंबे समय से अंतिम निर्णय नहीं लिया जा रहा है। प्रदर्शन में कमल तोमर, विनय शर्मा, सीके जोशी, राजन पुंडीर, अनिल जैन, आरपी शर्मा, नैन सिंह राणा, भूपेंद्र रावत, केएल भट्ट, पवन पुंडीर, हरविंदर, नीरज, दिनेश प्रसाद, आनंद सिंह रावत, अनिल शर्मा, दीपशिखा समेत बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
वेतन संशोधन की प्रक्रिया शुरू, पांच दिन बैंकिंग पर चुप्पी
यूएफबीयू के सह संयोजक कमल तोमर ने कहा कि सरकार ने नवंबर 2027 से देय अगले वेतन संशोधन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं, लेकिन पांच दिवसीय बैंकिंग के लंबित मुद्दे पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि 27 जनवरी 2026 की सफल हड़ताल के बाद भी सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण बना हुआ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द पांच दिवसीय बैंकिंग के संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की तो यूएफबीयू देशव्यापी हड़ताल सहित आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होगा।










