Uttarakhand News 22 July 2026: प्रधानमंत्री आवास पर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के धरने के विरोध में बुधवार को भाजपा ने देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता महानगर कार्यालय से कांग्रेस भवन की ओर कूच के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने कनक चौक के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
सड़क पर ही धरने पर बैठ गए
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और कांग्रेस तथा राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ देर तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कनक चौक क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और यातायात को भी कुछ समय के लिए प्रभावित होना पड़ा।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने की राजनीति कर रहे हैं। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री आवास के घेराव का प्रयास पूरी तरह राजनीतिक ड्रामा है, जिसका जनता जवाब देगी। उन्होंने कांग्रेस से अराजक राजनीति छोड़ने की भी अपील की।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और किसी भी कार्यकर्ता को बैरिकेडिंग पार कर कांग्रेस भवन की ओर बढ़ने नहीं दिया। समाचार लिखे जाने तक कनक चौक पर भाजपा का प्रदर्शन और नारेबाजी जारी थी।










