Uttarakhand News 21 Oct 2026: देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर में दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार शाम उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी के बीपीटी प्रथम वर्ष के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। छात्र की मौत की सूचना स्वजनों को दे दी गई है। उनके देहरादून पहुंचने के बाद बुधवार को आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की शाम 07 बजे थाना प्रेमनगर की मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) पर सूचना मिली कि ठाकुरपुर स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक युवक ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय रावत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने युवक को एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय प्रेमनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन की मोर्चरी में भिजवा दिया गया।
मृतक की पहचान सुधांशु (20) के रूप में हुई है।
वह मूल रूप से महावीर कॉलोनी, अनीसाबाद, बेउर, जिला पटना (बिहार) का निवासी था और उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में बैचलर आफ फिजियोथेरेपी (बीपीटी) प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने मृतक के स्वजनों जनों को घटना की सूचना दे दी है।










