Uttarakhand News, उत्तराखंड, 26 अक्टूबर 2022: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में गायों की पूजा कर उत्तराखंडवासियों की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं, विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट आज अन्नकूट पर्व पर बुधवार की दोपहर 12: 01 बजे बंद होंगे। कपाट बंद होने के बाद देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में कर सकेंगे। इसके अलावा भगवान केदारनाथ के कपाट 27 अक्टूबर यानी भैयादूज पर्व पर सुबह साढ़े आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं पौराणिक परंपराओं के साथ विधिविधान से शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यमुनोत्री धाम के कपाट भी भैया दूज पर 27 अक्टूबर को दोपहर 12: 09 बजे बंद होंगे।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गाय सनातन संस्कृति के साथ ही समस्त मानव जाति के लिए पूजनीय और आदरणीय है। भारतीय संस्कृति में गाय को सुख, सौभाग्य व समृद्धि प्रदान करने वाली तथा समस्त मनोकामनाएं को पूर्ण करने वाली माना गया है। प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की बधाई एवं शुभकामनाएं देते मुख्यमंत्री धामी ने विशेषकर प्रदेश की युवा पीढ़ी का आह्वान किया है कि वे अपनी प्रकृति-प्रेमी एवं पर्यावरण हितैषी परंपराओं व संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए आगे आएं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी भी उपस्थित थीं।