Uttarakhand News 16 Oct 2026: हल्द्वानी शहर के मेडिकल चौकी क्षेत्र स्थित पीसीएफ प्लाजा के खाली प्लॉट में बध्वार देर रात बाइक खड़ी कर अराजक तत्वों ने उसमें आग लगा दी। लोगों ने समय रहते आग बुझा दी जिससे आसपास के मकान और गाड़ियों में आग लगने से बची। लोगों ने गांधी नगर निवासी दो युवकों पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की है।
स्थानीय निवासी पंकज ने बताया कि बाइक बिल्कुल प्लॉट की दीवार से सटाकर खड़ी करने के बाद उसमें आग लगा दी गई। दीवार के दूसरी तरफ कुछ लोगों के घर भी हैं। स्थानीय निवासी आलोक कश्यप ने बताया कि जली हुई बाइक उनके क्षेत्र की नहीं है। बृहस्पतिवार सुबह दो अनजान युवक वहां पहुंचे और बाइक को अपने भाई की बताने लगे। जब स्थानीय लोगों ने उनसे सवाल पूछने शुरू किए तब दोनों भाग गए।
सूचना पर पुलिस पहुंची और जली हुई बाइक को कब्जे में लिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जो लड़के मौके पर पहुंचे थे उन्हें भी तलाशा जा रहा है।










