Uttarakhand News 6 Nov 2026: हल्द्वानी शहर के टांडा जंगल मार्ग अब हादसों के साथ आपराधिक वारदातों का स्थान भी बनता जा रहा है। बुधवार देर रात रुद्रपुर से हल्द्वानी आ रहे फैक्टरी कर्मियों की कार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। करीब पांच-छह लोगों ने कर्मियों की गाड़ी रुकवाकर तोड़फोड़ की और धमकी देकर भाग गए। मामले में मुखानी के डहरिया निवासी आनंद जोशी और मानपुर पश्चिम निवासी दिलीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने चार नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।

दर्ज मामले में आनंद जोशी ने बताया कि वह अपने साथी दिलीप कुमार के साथ ऊधमसिंह नगर स्थित कार फैक्टरी से वापस घर लौट रहे थे। रामपुर रोड स्थित वन चौकी से करीब 200 मीटर आगे रुद्रपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने ओवरटेक कर उनकी कार रोक दी। इसके बाद गाड़ी से करीब पांच-छह लोग लाठी-डंडे लेकर निकले और जानलेवा हमला कर दिया। पूरी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर रुद्रपुर की तरफ भाग निकले। इसके बाद वह सीधे कोतवाली हल्द्वानी पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि वन चौकी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गाड़ी को ट्रेस कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।