Uttarakhand News 17 July 2026: डहरिया क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक हिंदू महिला के घर में घुस गया। उसने महिला को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी। घर में मौजूद बेटी के साथ भी अभद्रता की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

नीलांचल कालोनी फेस-छह निवासी पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक डिलीवरी बाय उनके घर पता पूछने आया था, जब वह बाहर आई तो पड़ोसी सलीक अली पुत्र अफताब हुसैन भी उनके घर आ गया और गाली-गलौज करने लगा। उस समय घर में मां और बेटी मौजूद थीं। बेटी घर के अंदर थी और मां बाहर थी।

मां और बेटी दोनों को धमकाया
आरोपित अभद्रता करते हुए भद्दी गालियां देने लग गया। दरवाजे पर लात मारकर बेटी को भी धमकाने लगा। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो वह लाठी लेकर उसे मारने दौड़ पड़ा। मौके पर मौजूद आरोपित की मां ने बीच-बचाव किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पीड़िता के अनुसार, उसने अश्लील हरकतें कीं, दुष्कर्म और गोली मारने की धमकी दी। आरोप है कि वह पहले भी उसकी बेटी से छेड़छाड़ कर चुका है। रात में घर पर टार्च मारता है और बेटी से अशोभनीय बातें करता है, जिससे पूरा परिवार भयभीत है।

लाठी लेकर दौड़ाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित
पीड़िता ने पुलिस को एक वीडियो भी दिया है। उसके अनुसार वीडियो में आरोपित हाथ में लाठी लेकर धमकाते और मारने के लिए दौड़ते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल किया है।

चौकी से भागने लगा आरोपित, पुलिस ने दबोचा
गुरुवार को दोनों पक्ष ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पहुंचे। वहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। सूचना पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी चौकी पहुंच गए। पूछताछ के दौरान आरोपित चौकी से भागने लगा और सड़क पार तक पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और वापस चौकी ले आए।

सड़क पर लेटकर किया हंगामा
पुलिस जब आरोपित को चौकी लेकर आ रही थी, तभी वह सड़क पर लेट गया और हंगामा करने लगा। इससे कुछ देर के लिए भीड़ जुट गई और जाम जैसे हालात बन गए। बाद में पुलिस ने स्थिति को सामान्य कराया।