Uttarakhand News 21 May 2026: हल्द्वानी। आबकारी विभाग और मंडलीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने गुरुवार को चोरगलिया क्षेत्र से लगे रनसाली के जंगल में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।

टीम ने जंगल के बीच संचालित हो रही छह अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर मौके पर करीब 12 हजार लीटर लहन नष्ट किया। साथ ही अवैध रूप से तैयार की गई करीब 70 लीटर कच्ची शराब कब्जे में ली गई।

आरोपित मौके से फरार
गुरुवार को आबकारी टीम ने जंगल के भीतर छिपाकर संचालित की जा रही कच्ची शराब की भट्टियों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण भी नष्ट किए गए। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपित मौके से फरार हो गए।

टीम के मुताबिक मौके से 35 लीटर कच्ची शराब से भरे दो ड्रम बरामद किए गए।अधिकारियों के मुताबिक कच्ची शराब के सेवन से जान-माल की हानि की प्रबल संभावना बनी रहती है। आबकारी विभाग ने बरामद शराब के संबंध में आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

विभाग ने फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। इस दौरान निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चंद्र जोशी, उप आबकारी निरीक्षक संजय कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही महेश लोहनी तथा आबकारी सिपाही गीता और खुशाल शामिल रहे।