Uttarakhand News 23 November 2023: हल्द्वानी। क्षेत्र के एक व्यक्ति को गूगल से एयर एशिया के कस्टमर केयर का नंबर सर्च करना महंगा पड़ गया। ठगों ने पीड़ित से एनी डेस्क एप डाउनलोड कराकर 1.39 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी तहरीर में पुरानी आईटीआई बरेली रोड निवासी नवीन तिवारी ने कहा कि उसने भुवनेश्वर से दिल्ली जाने के लिए एयर एशिया का टिकट बुक कराया था। गलती से उसमें तिथि गलत पड़ गयी और गलत तिथि का टिकट बुक हो गया। इसके बाद उसने इसे कैंसिल कराने के लिए गूगल से एयर एशिया के कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। उसमें एक नंबर मिला, बात करने पर उससे एनी डेस्क एप डाउनलोड कराया गया। साथ ही बैंक डिटेल आदि भी ले ली गयी। इसी बीच उसके खाते में पैसे आने के बजाय 1.39 लाख रुपये कट गए। ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस से कार्यवाही की मांग की। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर टीम को जांच सौंप दी है।