Uttarakhand News 31 July 2026: बिहार के मोतिहारी में एक व्यक्ति से 95 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में 20 हजार की रकम हरकी पैड़ी क्षेत्र के एक एटीएम से निकाले गए थे। शहर कोतवाली की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि नगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट ने 29 जुलाई को समन्वय पोर्टल पर संदिग्ध एटीएम निकासी की जानकारी खंगाली।
इस दौरान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से संबंधित एटीएम निकासी की सूची में हरकी पैड़ी के एटीएम से हुई दो निकासी सामने आईं।
हरकी पैड़ी के अपर रोड पर शिव विश्राम गृह के सामने स्थित है। इस एटीएम से 12 मई 2026 को शाम 5:13 बजे और 5:15 बजे 10-10 हजार रुपये निकाले गए। दोनों निकासी एक ही साइबर ठगी की शिकायत से जुड़ी पाई गईं।
पोर्टल पर दर्ज शिकायत का पूरा विवरण खंगालने पर सामने आया कि मोतिहारी, बिहार निवासी वरुण कुमार झा से साइबर ठगों ने कुल 95 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।
जांच में सामने आया कि इसी ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये हरकी पैड़ी के एटीएम से निकाले गए।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि एटीएम से रकम निकालने वाले व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।










