Uttarakhand News 14 July 2026:कूटरचना कर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) में पंजीकरण कराए जाने और युवती के पिता से दो लाख की मांग करने के मामले में पुलिस ने काॅमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालक के बयान दर्ज किए हैं। जांच में कई अहम जानकारी पुलिस के हाथ लगी हैं। पुलिस मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
दो महीने पहले यूसीसी पंजीकरण में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था। युवक शाहरुख की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया था कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवती के साथ उनका रिश्ता तय हुआ था। इस बीच आरोपी जीशान निवासी नस्तरपुर उनके घर आया और युवती के साथ शादी करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद उसने उनकी मंगेतर के साथ शादी का यूसीसी पंजीकरण प्रमाणपत्र एक महिला की मदद से उनके पास भेजा। उन्होंने यह प्रमाणपत्र मंगेतर और उसके पिता को दिखाया तो उन्होंने इससे इन्कार किया। मंगेतर के पिता ने मामले में पुलिस को शिकायत की थी। आरोपी युवक और एक युवती के फर्जीवाड़ा व कूटरचना कर पंजीकररण कराए जाने की बात सामने आई थी।
उस समय दोनों पक्षों के बीच तय हुआ कि जीशान यूसीसी पंजीकरण को निरस्त कराने और न्यायालय में चल रही कार्रवाई में सहयोग करेगा। आरोप है कि उसने ऐसा नहीं किया उल्टा युवक और उसके पिता ने उसकी मंगेतर के पिता पर दबाव बनाकर उनसे दो लाख की मांग की।
मामले में आरोपी युवक और युवती व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने यूसीसी पंजीकरण के लिए आवेदन कराने वाले सीएससी संचालक के बयान दर्ज किए हैं। जांच में पंजीकरण में नियमों के उल्लंघन और फर्जीवाड़े की बात सामने आई है। कुछ अन्य तथ्य भी पुलिस के सामने आए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गहनता से सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










