Uttarakhand News 9 July 2026: आस्था पथ पर युवती की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी को नगर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। आरोपी की पहचान बिजनौर के नहटौर निवासी जीशान के रूप में हुई है। फरार आरोपी का नाम शाहनवाज निवासी बिजनौर है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि 28 जून को आस्था पथ स्थित झाड़ियों में एक युवती का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। सीसीटीवी कैमरों से दो संदिग्ध सामने आए थे, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।
इसी बीच बुधवार की रात पुलिस को सूचना मिली दोनों संदिग्ध देहरादून की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। रोड़ीबेलवाला चौकी के पास समाधि के समीप जब दोनों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी निशान के पैर में गोली जा लगी और वह घायल हो गया। दूसरा आरोपी शाहनवाज फरार होने में कामयाब रहा। घायल आरोपी मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भिजवाया गया। जांच में सामने आया कि 28 जून को दोनों आरोपियों ने आस्था पथ पर युवती की गला दबाकर हत्या की थी। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।










