Uttarakhand News 6 Oct 2026: हरिद्वार में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की लाल मंदिर कॉलोनी में सोमवार देर रात पेंट के गोदाम में अचानक आग लग गई। बंद गोदाम से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

शटर बंद होने के कारण दमकल कर्मियों ने उसे काटकर अंदर प्रवेश किया और पानी की बौछार शुरू की। पेंट और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई थी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा पेंट और अन्य सामान जल गया। लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। एफएसओ बीरबल सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगने की संभावना है। कारणों की जांच की जा रही है।