Uttarakhand News 16 July 2026: थानाक्षेत्र की एक कालोनी में तमंचे से डराकर एक विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म और जेवरात लूटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता के पति का सहकर्मी निकला।

पुलिस के मुताबिक, सात जुलाई की रात विवाहिता अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। उसी दौरान चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर विवाहिता को काबू में कर लिया।

डरा धमका दुष्कर्म किया और कानों के झुमके व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पति के डयूटी से लौटने पर पीड़िता ने आपबीती बताई। लूट के साथ-साथ गैंगरेप से जुड़ा मामला होने के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर धरपकड़ के निर्देश दिए।

दो संदिग्धों को हिरासत में लिया
घटना स्थल का निरीक्षण, मुखबिर तंत्र की मदद और तकनीकी साक्ष्यों के आधा पर पथरी के जंगल क्षेत्र से पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। बाद में उनकी निशानदेही पर घटना में शामिल दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। चारों की पहचान शिवम, शेखर व अरुण निवासी ग्राम दुर्गागढ़, पथरी और विकास निवासी ग्राम महाखेड़ी, थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई।

पूछताछ में सामने आया कि पीड़िता के पति के साथ कंपनी में काम करने वाले विकास ने पूरी साजिश रची थी। उनके कब्जे से तमंचा, चाकू, बाइक, पीड़िता से लूटे गए झुमकों की एक जोड़ी व मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की गई।

पुलिस टीम में एसएसआइ उपेन्द्र सिंह, फेरूपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल दीपक चौधरी, मुकेश चौहान, जयपाल चौहान, राकेश नेगी और नारायण सिंह शामिल रहे।

घर के भेदी ने ढाया कहर
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि आरोपित विकास को कुछ दिन पहले पीड़िता का पति अपने साथ गमले रखवाने के लिए घर लाया था। उसी दौरान विकास ने देखा कि पति के कंपनी जाने के बाद उसकी पत्नी बच्चे के साथ अकेली रहती है।

मकान गांव से अलग नई कालोनी में होने के चलते आसानी से लूट की जा सकती है। विकास ने अरुण को जानकारी दी। अरुण ने अपने दोस्त शिवम और एक अन्य युवक को योजना में शामिल किया। घटना के दौरान विकास ने ही कंपनी से फोन पर आरोपितों को बताया था कि पीड़िता का पति डयूटी पर आ गया है और लूट का रास्ता साफ है।

गए लूटपाट करने था, एक और संगीन गुनाह किया
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने तमंचे के बल पर जेवरात लूटने की प्लानिंग की थी। शिवम बांस के सहारे दूसरी मंजिल पर बने मकान पर चढ़ा और इन्वर्टर बंद कर दिया।

गर्मी होने पर विवाहिता जैसे ही बाहर निकली, उसने कनपटी पर तमंचा लगा दिया। जिससे पीड़िता काफी डर गई। उसी दौरान शिवम की नीयत खराब हो गई और उसने डराकर दुष्कर्म भी किया। पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपित अभी फरार है, उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।