Uttarakhand News 22 July 2026: कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उत्तराखंड सूचना आयोग ने अपनी सुनवाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने फैसला लिया है कि द्वितीय अपीलों और शिकायतों की सुनवाई अब हाइब्रिड व्यवस्था के तहत होगी। यानी पक्षकार चाहें तो आयोग में उपस्थित होकर या फिर ऑनलाइन माध्यम से भी अपना पक्ष रख सकेंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले की अवधि में पहले से निर्धारित सभी सुनवाई अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। हालांकि, लंबी दूरी तय कर आयोग पहुंचने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए ऑनलाइन सुनवाई का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर सुनवाई से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश उपलब्ध करा दिए गए हैं।
24 घंटे पहले देपी होगी जानकारी
सुनवाई में शामिल होने वाले आवेदकों और उत्तरदाताओं को सुनवाई से कम से कम 24 घंटे पहले यह बताना होगा कि वे ऑनलाइन शामिल होंगे या व्यक्तिगत रूप से आयोग में उपस्थित होंगे। आयोग ने इसके लिए वेबसाइट पर अलग से व्यवस्था की है। साथ ही तकनीकी सहायता के लिए आवश्यक संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराया गया है।
आयोग ने यह भी कहा है कि यदि किसी मामले में किसी पक्षकार की व्यक्तिगत उपस्थिति जरूरी हो, लेकिन कांवड़ मेले के कारण वह आयोग तक नहीं पहुंच पा रहा हो, तो वह आयोग को अपना अनुरोध भेज सकता है। ऐसे मामलों में परिस्थितियों के अनुसार सुनवाई की नई तिथि कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद तय करने पर विचार किया जाएगा।
सूचना आयोग ने सभी पक्षकारों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करें। आयोग का कहना है कि इससे सुनवाई प्रक्रिया भी निर्बाध जारी रहेगी और लोगों को यातायात की कठिनाइयों से भी राहत मिलेगी।










