Uttarakhand News 10 September 2024: रामनगर के गर्जिया मंदिर परिसर में कोसी नदी में गणपति की मूर्ति का विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ऊधमसिंह नगर और यूपी के 21 श्रद्धालु घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं को रेफर किया गया है। ट्रैक्टर ट्रॉली में 35 से अधिक लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को सुल्तानपुर पट्टी (ऊधमसिंह नगर) के पास किशनपुर मसवासी (सीतारामपुर) से 35 श्रद्धालुओं का दल ट्रैक्टर-ट्रॉली से गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए रामनगर गर्जिया मंदिर पहुंचा था। लौटते समय ढिकुली के पास मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसा होते ही वाहन में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रामनगर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल हरवती देवी और नीतू को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली।
इनका चल रहा रामनगर में इलाज
ओमकार दिवाकर, अमित, दीपाली, अक्षरा, सचिन, रोहित कुमार, सोना, रोहित, अभिषेक, अंकित, आदेश, दीपक पुत्र सुरेश, मीनाक्षी, सानिया, माया देवी, दीपक पुत्र तेजपाल, रिद्धि, जमुनी कुमारी और रिजवान। इन घायलों का इलाज रामनगर अस्पताल में चल रहा है। शेष लोगों को मामूली चोट आई थी।