Uttaranchal News, 4 नवंबर 2022, हल्द्वानी। क्षेत्र में अपराध दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं। बदमाश एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताज़ा मामले में बदमाशों ने सीधे पुलिस को चुनौती दी है। हल्द्वानी में बदमाशों ने दिनदहाड़े पुलिस कॉन्स्टेबल की पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 3 नवंबर गुरुवार को थाना मुखानी क्षेत्र मे रह रहे कॉन्स्टेबल की पत्नी की किसी बदमाश ने घर में घुसकर दिनदहाड़े हत्या कर दी। मृतक का नाम ममता बिष्ट था। उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। महिला के पति शंकर सिंह बिष्ट पुत्र मोहन सिंह उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात हैं और वर्तमान समय में जनपद उधम सिंह नगर की बननाखेड़ा चौकी में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बच्चे स्कूल गए थे। ममता घर पर अकेली थी। बच्चे जब स्कूल से लौटे तब उन्हें मां का शव कमरे में पड़ा हुआ दिखा। उसके बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग जुटे और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी गई। घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर हैं। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस इसे हत्या का मामला तो मान रही है, लेकिन हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।