Uttarakhand News 30 Oct 2026: रामनगर के गर्जिया मंदिर क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात एक हाथी के अचानक पहुंचने से हड़कंप मच गया। हाथी काफी देर तक मंदिर के टीले के पास तोड़फोड़ करने का प्रयास करता रहा, जिससे मंदिर परिसर में हलचल बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर के पुजारियों ने वन विभाग को अवगत कराया, जिसके बाद विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, गर्जिया मंदिर क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही पहले से बनी रहती है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार रात एक हाथी अचानक मंदिर के टीले के पास आ पहुंचा। प्रसाद विक्रेता जितेंद्र पांडे ने इस घटना का वीडियो बनाया और बताया कि हाथी काफी देर तक मंदिर के आसपास उत्पात मचाने और तोड़फोड़ का प्रयास करता रहा। हालांकि, हाथी कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा सका।

वहीं, मंदिर के पुजारी शुभम पांडे ने वन विभाग को घटना की जानकारी देते हुए सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में हाथियों की आवाजाही से श्रद्धालुओं और पुजारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।