Uttarakhand News 2 April 2026: तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत कोसी नदी में अवैध खनन की शिकायत पर बुधवार को खनन समिति ने बंजारी गेट नंबर दो पर छापा मारा। इस दौरान खनन से भरे वाहन भगाने के प्रयास में एक ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के ठीक सामने आई गई जिसमें वह बाल-बाल बच गए। घटना से मौके पर खलबली मच गई। मामले में तहरीर नहीं सौंपी गई है। लंबे समय से कोसी नदी में अवैध खनन की सूचना पर खनन समिति ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके लिए बुधवार को परिवहन, प्रशासन, पुलिस, वन विभाग, वन निगम की टीम अचानक कोसी के बंजारी गेट नंबर दो पर पहुंच गई। टीम के वाहन देखते ही अवैध खनन कर रहे लोगों में खलबली मच गई। वहां काफी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों से अवैध खनन हो रहा था।

इससे मौके पर भगदड़ मची तो हर कोई वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। इसी बीच रास्ते पर खड़े एसडीएम गौपाल सिंह चौहान की तरफ एक ट्रैक्टर ट्रॉली तेजी से आई। सामने ट्रॉली आते देख उन्होंने किसी तरह ट्रैक्टर के सामने से हटकर अपनी जान बचाई। टीम ने तमाम वाहनों को रोक लिया। हालांकि कई चालक वाहनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।