Uttarakhand News 11 July 2026: ऐना गांव में सागर सिंह हत्याकांड में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला गांव का ही युवक निकला, जो बेहद करीबी बताया जा रहा है।
तहरीर में पुरानी रंजिश मुख्य वजह बताई गई है। इससे पूर्व हत्याकांड की चश्मदीद और जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल मृतक की बुआ ने बीती मध्यरात्रि हत्यारोपित का नाम उजागर किया।
पुरानी रंजिश मुख्य वजह
इससे पुलिस को हत्यारोपित तक पहुंचने का रास्ता मिल गया। इधर सूत्रों के अनुसार जघन्य वारदात में लिप्त युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। एक अन्य भी संदेह के दायरे में है। यह भी चर्चा है कि हत्यारोपित घायल महिलाओं की रेकी करने नागरिक चिकित्सालय भी पहुंचा था। ग्रामीण सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर जोर दे रहे हैं।उधर एक अन्य घायल सबुली देवी को नाजुक हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
नगर से करीब 25 किमी दूर ऐना गांव (द्वाराहाट ब्लाक) में बीते शुक्रवार की देर शाम सिंह गांव निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह की घर में घुस धारदार हथियार से गला काट हत्या कर दी गई थी। वह सेना भर्ती की तैयारी के लिए ऐनावासी अपनी बुआ जानकी देवी के घर में रह रहा था। चीखपुकार मचने पर जानकी देवी व उसकी चचिया सास सबुली देवी बीच-बचाव को पहुंची। हमलावर ने जानकी देवी के सिर व सबुली देवी के गले पर वार कर दिए।
दोनों को गंभीर हालत में ग्रामीण गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय लेकर पहुंचे। एएसपी हरबंश सिंह व सीओ भावना कैंथोला घटनास्थल पर पहुंची। फारेंसिक टीम ने साक्ष जुटाए। मध्यरात्रि बाद तक ग्रामीणों से पूछताछ की गई। वारदात के असल कारण तलाशे गए।
ऐसे खुला मामला
जानकी देवी का छोटा बेटा कृष्णा बीती छह जुलाई को कथित गुलदार के हमले में घायल बबीता की तीमारदारी में हल्द्वानी स्थित निजी चिकित्सालय में था। घर पर ममेरे भाई की हत्या का पता लगने पर वह रानीखेत दौड़ा आया। नागरिक चिकित्सालय में भर्ती उसकी मां जानकी देवी ने हत्याकांड में लिप्त गांव बिरादरी के ही जगत सिंह का नाम उजागर किया।
गुलदार झपटा या जानलेवा हमला
ऐना गांव में बीती छह जुलाई को युवती पर कथित गुलदार के हमले की वास्तविकता पर भी चर्चाएं तैरने लगी हैं। जंगल में मवेशियों को लेने गई बबीता के सिर व गर्दन पर जो घाव के निशान पाए गए थे, चिकित्सकों ने सीधे तौर पर वन्यजीव के नाखूनों के निशान होने से इंकार किया था। वहीं वन विभाग ने भी किसी वारदात की आशंका जताई थी। ऐसे में अंदेशा है कि युवती पर भी इसी तरह जानलेवा हमला तो नहीं हुआ था।










