Uttarakhand News 11 Nov 2026: मंगलवार रात भगवानपुर क्षेत्र उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा, जब पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में कुख्यात गौ-तस्कर छोटू के पैर में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी कालू जंगल की ओर भाग निकला। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि आरोपी से एक तमंचा, गौकशी के उपकरण और एक बछड़ा बरामद हुआ है। आरोपी अन्य अभियोग में वांछित भी था
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सिकरोड़ा गांव के पास स्थित आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। घायल आरोपी छोटू वहां अपने साथी कालू का इंतजार कर रहा था, ताकि दोनों मिलकर घटना को अंजाम दे सकें। इसी बीच, क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही भगवानपुर पुलिस टीम को इनकी आहट मिल गई। पुलिस टीम ने जब बदमाशों को रोकने का इशारा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर सीधा फायर झोंक दिया।
बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की सटीक गोलीबारी में 36 वर्षीय गौ-तस्कर छोटू निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर के पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर गया । मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
घायल बदमाश छोटू को तत्काल पुलिस सुरक्षा के बीच रुड़की अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए आरोपी के साथी कालू की तलाश में पुलिस की टीमें जंगलों और संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ कांबिंग चला रही हैं। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










