Uttarakhand News 27 June 2026: रुद्रपुर। भदईपुरा निवासी युवक की पत्नी प्रेमी के साथ भाग गई। पुलिस ने जब उसे बरामद किया तो उसने पति संग रहने से इनकार कर दिया। आरोप है कि अब उस पर तलाक लेने के लिए दबाव बना रहे हैं, साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

मूलरूप से मसीत दौलतपुर, बीसलपुर पीलीभीत व वर्तमान में भदईपुरा निवासी धनीराम ने कोर्ट में शिकायती पत्र देकर कहा कि उसका विवाह वर्ष 2013 को रामपुर के मिलक क्षेत्र निवासी स्वाती से हुआ था। विवाह के बाद दोनों भदईपुरा में रहने लगे। आरोप है कि पत्नी ने कभी वैवाहिक दायित्वों का निर्वहन नहीं किया और अपनी मनमर्जी से जीवन व्यतीत करती रही।

पत्नी और ससुराल वालों ने पीटा
पत्नी देर रात उसके सो जाने के बाद इंस्टाग्राम पर अपने पुरुष मित्र से चैटिंग और वीडियो काल करती थी। समझाने का प्रयास करने पर वह अभद्र व्यवहार करती। उसकी पत्नी का मैनपुरी निवासी गौरव यादव से लगातार संपर्क बना रहा और विरोध करने पर पत्नी व उसके मायके वालों ने उसके साथ मारपीट भी की।

पत्नी के व्यवहार के कारण उसे रिश्तेदारों और परिचितों के सामने अपमानित होना पड़ा, जिससे उसका सामाजिक जीवन भी प्रभावित हुआ। पत्नी अक्सर विवाद कर मायके चली जाती थी और कई-कई दिनों तक वहीं रहती थी। 25 सितंबर 2025 को उसके काम पर जाने के बाद पत्नी घर से करीब 20 हजार रुपये की नकदी, जेवरात व पुत्र को लेकर प्रेमी गौरव यादव के साथ चली गई। उसने तत्काल थाना रुद्रपुर में गुमशुदगी की सूचना दी और बाद में लिखित तहरीर भी दी।

पुलिस ने जब उसे बरामद किया तो उसने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया और कहा कि वह गौरव कुमार यादव के साथ ही रहेगी। इसके बाद वह उसके साथ मैनपुरी चली गई।

धनीराम के अनुसार, पत्नी, उसके प्रेमी व ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे तलाक देने का दबाव बना रहे हैं और इनकार करने पर हत्या कराने की धमकी दे रहे हैं। उसने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इधर, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।