Uttarakhand News 19 Aug 2026: रुद्रपुर। व्हाट्सएप पर आया आरटीओ चालान का लिंक करना बगवाड़ा निवासी व्यक्ति को महंगा पड़ गया। लिंक पर क्लिक करने के एक दिन बाद उनके यूको बैंक के खाते से 1.10 लाख रुपये निकल गए। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड 10 ब्राहाणो की ढाणी चिड़ावा सूरजगढ़ जिला झुझूनू राजस्थान निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि वह कस्तुरी वाटिका फेस दो बगवाड़ा में रहता है। 10 अगस्त की रात उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया। लिंक आरटीओ चालान के नाम से था। इस पर उसने लिंक खोल लिया।
12 अगस्त को जब उन्होंने अपने यूको बैंक खाता चेक किया तो उसमें 110099 रुपये गायब थे। इसका पता चलते ही उसने जानकारी ली तो पता चला कि 11 अगस्त की शाम साढ़े पांच बजे रुपये निकाले गए हैं। उसने पुलिस से कार्रवाई कर रुपये बरामदगी की मांग की है।
कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। जांच की जा रही है, इसके लिए रुपये किस खाते में ट्रांसफर हुए हैं, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।










