Uttarakhand News 1 July 2026: केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगों ने हल्द्वानी के एक युवक को निशाना बनाकर उसके खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। हालांकि, समय रहते पुलिस और साइबर सेल को सूचना देने पर 50 हजार रुपये होल्ड करा लिए गए, जिन्हें पीड़ित को वापस दिला दिया गया है।
टनकपुर रोड निवासी राजेश शर्मा के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। काल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए तत्काल केवाईसी अपडेट कराने की बात कही। इसके बाद ठगों ने राजेश के वाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजकर उसे इंस्टाल करने को कहा। जैसे ही राजेश ने फाइल डाउनलोड कर उसे खोला, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और साइबर अपराधियों ने डिवाइस का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया।
लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए
इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से जुड़ी दो फिक्स डिपाजिट को तोड़कर कुल एक लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। ठगी का पता चलते ही राजेश शर्मा ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन और पुलिस से संपर्क किया।
साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई के चलते 50 हजार रुपये होल्ड करा लिए गए, जबकि बाकी 50 हजार रुपये ठग निकालने में सफल रहे। जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम पश्चिम बंगाल से निकाली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टाल न करें। बैंक कभी भी फोन, वाट्सएप या लिंक के माध्यम से केवाईसी अपडेट कराने के लिए एपीके फाइल नहीं भेजते। किसी भी संदिग्ध काल या मैसेज की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।










