Uttarakhand News 21 July 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर बहुप्रतीक्षित हरिद्वार गंगा कॉरिडोर की प्रथम चरण की करीब 235 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। ये योजनाएं हरकी पैड़ी, सुभाष घाट और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के कायाकल्प की हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की विभिन्न आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार में आधुनिक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सुविधाओं का विकास करना है।

अलकनंदा होटल हरिद्वार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक मार्ग परियोजना का भूमि पूजन किया।

साथ ही 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार कार्यों का शिलान्यास किया।