UKSSSC पेपर लीक: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की परीक्षा में हुई धांधली और विधानसभा में हुई भर्तियों के विरोध में युवाओं ने मोर्चा खोल दिया है। युवाओं ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण से लाखों बेरोजगार विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। आक्रोशित युवाओं का कहना है कि विद्यार्थी वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं लेकिन पेपर लीक प्रकरण के कारण उन्हें रोजगार से ही वंचित होना पड़ता है।

वर्तमान में रद्द परीक्षाएं जल्द संपन्न कराई जानी चाहिए। पेपर लीक प्रकरण के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उत्तराखंड में आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं के लिए वार्षिक कलेंडर जारी किया जाए जिसमें परीक्षा की विज्ञप्ति निकलने से लेकर नियुक्ति तक सभी तिथियों को स्पष्ट किया जाए।

कांग्रेेस ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला:

बागेश्वर में प्रदेश में यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाला सामने आने के बाद अब कई अन्य भर्ती परीक्षाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसबीआई तिराहे पर पुतला फूंका। सरकार से घोटाले की निष्पक्ष जांच करवाने और महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व मे कांग्रेसी एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में सरकार की नाक के नीचे भर्ती पेपर लीक हो गया। अब वन विभाग, पुलिस, सहकारिता, शिक्षा विभाग और विधानसभा में हुई भर्तियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। कहा कि कांग्रेस प्रदेश के बेरोजगारों के साथ हो रहे अन्याय को किसी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।