Uttarakhand News, UPPSC PCS 2021 Topper प्रयागराज 20 अक्टूबर 2022: UPPSC PCS 2021 Topper प्रयागराज में मेजा तहसील निवासी सगे भाई-बहन ने सफलता का परचम लहराया है। सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक विवेक कुमार सिंह ने टाप टेन में जगह बनाते हुए आठवीं रैंक हासिल की जबकि बहन संध्या ने 12वां स्थान पाया है। विवेक का यह दूसरा प्रयास था.

UPPSC PCS 2021 Topper: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यूपीपीएससी 2021 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। इसमें प्रयागराज में मेजा तहसील निवासी सगे भाई-बहन ने सफलता का परचम लहराया है। सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक विवेक कुमार सिंह ने टाप टेन में जगह बनाते हुए आठवीं रैंक हासिल की है। वहीं बहन संध्या सिंह ने 12वां स्थान पाया है। विवेक कुमार सिंह का यह दूसरा प्रयास था जबकि संध्या सिंह ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।

कोई कोचिंग नहीं, सेल्फ स्टडी से हासिल की कामयाबी

मेजा तहसील के गांव तेंदुआ कला निवासी कृष्ण कुमार सिंह और प्रतिमा सिंह परिवार में दोनों बच्चों की सफलता के खासे उत्साहित हैं। विवेक कुमार सिंह ने बताया कि तैयारी में कोई कोचिंग नहीं की। सेल्फ स्टडी को अपना हथियार बनाया। भाई-बहन मिलकर पढ़ाई करते और एक दूसरे को पढ़ाते। विवेक कुमार सिंह ने नैनी के माधव ज्ञान केंद्र से दसवीं की पढ़ाई करने के बाद प्रयागराज के ज्वाला देवी इंटर कालेज के इंटर किया और 2019 में गाजियाबाद के आरकेजीआइटी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रशासनिक अधिकारी बनने की ठानी।

2020 में महज 10 नंबर से चूके और दूसरे प्रयास में पा ली सफलता

पीसीएस में भूगोल विषय को चुना और पीसीएस 2020 में मात्र दस नंबर से सफलता मिलने से रह गई। पीसीएस 2021 में विवेक ने प्रशासनिक अधिकारी बनने का ख्वाब पूरा कर लिया। वहीं संध्या सिंह ने बारहवीं की पढ़ाई माधव ज्ञान केंद्र से पूरी करने के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 2020 में बीए की पढ़ाई पूरी की और अपने पहले ही प्रयास में यूपीपीएससी में सफलता हासिल कर ली। विवेक बताते हैं कि बचपन से ही प्रशासनिक अधिकारी बनने का ख्वाब देखा था। अब भाई-बहन दोनों के सफल होने के बाद परिवार में जश्न का माहौल है।