Uttarakhand News 24 Nov 2026: देहरादून। जनवरी 2027 से हरिद्वार में शुरू होने जा रहे अर्द्धकुंभ में इस बार 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पड़ोसी चार राज्यों से पुलिस फोर्स की डिमांड भेजी गई है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली व हिमाचल प्रदेश से नागरिक पुलिस के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस, फायर, इंटेलिजेंस और पीएसी की कई कंपनियां अर्द्धकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रहेंगी।

पुलिस विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक पुलिसकर्मियों की डिमांड भेजी गई है। इनमें नागरिक पुलिस के 2195 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 330, फायर के 187, इंटेलिजेंस के 200 जबकि पीएसी की 48 कंपनियां (पुरुष की 45, महिला की दो और एक फ्लड कंपनी ) की डिमांड भेजी गई है।

इसी तरह हरियाणा से नागरिक पुलिस के 1105 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 100, इंटेलिजेंस के 45 और पीएसी की 12 कंपनियां मांगी गई हैं। इसी तरह दिल्ली से नागरिक पुलिस के 55, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 58, इंटेलिजेंस के 18 जबकि हिमाचल प्रदेश से नागरिक पुलिस के 555, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 36, इंटेलिजेंस के 18 और पीएसी की 12 कंपनियों की डिमांड भेजी है।

तीन राज्यों की घुड़सवार टीमें भी रहेंगी तैनात
अर्द्धकुंभ में सुरक्षा को देखते हुए बड़ी संख्या में घुड़सवार टीमें भी तैनात रहेंगी। उत्तर प्रदेश से 15 घोड़े व 35 जवान, मध्य प्रदेश से 20 घोड़े व 20 जवान, राजस्थान से 20 घोड़े व 20 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा प्रथम व द्वितीय चरण में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की छह टीमें (प्रत्येक टीम में 12 जवान), राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (एनएसजी) की छह टीमें और साइबर कमांडों की 25 टीमें मुस्तैद रहेगी।

वर्ष 2010 मुकाबले डेढ़ गुना अधिक रहेगा फोर्स
वर्ष 2010 में हुए कुंभ में करीब 4.35 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। वर्ष 2027 में 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसको देखते हुए पुलिस फोर्स डेढ़ गुना अधिक तैनात किया जाएगा।

आवश्यक पुलिस बल के मूल आंकलन में नागरिक पुलिस से 6393 निरीक्षक, उपनिरीक्षक-मुख्य आरक्षी, आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की 54 कंपनी, पीएसी महिला की 03 कंपनियां, सीएपीएफ की 100 कंपनी व होमगार्ड व पीआरडी के 4000 जवान तैनात रहेंगे।