Uttarakhand News 29 May 2026: गदरपुर। पुलिस ने असली नोटों के बीच नकली नोटों की गड्डियां लगाकर बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों के पास से 454 नोटों की गड्डी बरामद कीं, जिसमें भारतीय रिजर्व बैंक लिखे दस हजार के असली नोटों के साथ बाकी नोट चिल्ड्रन बैंक आफ इंडिया लिखे नकली नोट हैं।

आरोपितों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार असली -नकली नोट मिलाकर करीब 4.54 करोड़ की धनराशि मिली है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर उनके साथ जुड़े और लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया बुधवार शाम गूलरभोज मार्ग पर चेकिंग के दौरान पंचपुरी कोपा गांव के पास कुछ लोगों द्वारा बैग में असली और नकली नोट रख उन्हें बाजार में चलाने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन रोड गूलरभोज स्थित सैप्टा फार्म मार्ग पर पहुंच कर घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देख एक संदिग्ध खोके के अंदर चला गया जबकि दूसरा संदिग्ध हड़बड़ा कर बैग बंद करने लगा। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। उनके पास से बरामद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें पांच सौ के नोटों की गड्डियां मिलीं। जांच में करीब दस हजार रुपये की गड्डियां असली थीं, बाकी चिल्ड्रन बैंक आफ इंडिया लिखे नोट बरामद हुए।

पुलिस ने बैग से कुल 454 गड्डियां बरामद कीं। असली नोटों के साथ नकली नोटों पर लिखी कीमत को जोड़ लिया जाए तो करीब 4.54 करोड़ रुपये हैं। पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नंबर छह बाजपुर व मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गुलरभोज थाना गदरपुर बताया है। एसएचओ बृजवाल ने बताया कि बरामद नोट कहां से लाए गए, इसकी जानकारी की जा रही है।

नकली नोट के उपर असली नोट रख चलाने की थी योजना
गदरपुर : पकड़े गए आरोपितों द्वारा असली नोटों के बीच में नकली नोट व चिल्डर्न बैंक के नोटों की गड्डी सुनियोजित तरीके से बना कर रखी थी। इन गड्डियों को उनके द्वारा रात में चलाने की योजना थी। जिससे व्यापारी असली व नकली नोट में भेद को न पकड़ सके। पुलिस को पूछताछ में उन्होंने बताया नकली नोटों के ऊपर असली नोट लगाकर बाजार में खपाने की योजना बना रहे थे। परंतु पुलिस की सतर्कता से वह अपने मकसद में सफल नहीं हो पाए।

ये रहे पुलिस टीम में शामिल
गदरपुर : नकली नोटों का पर्दाफाश करने वाली टीम में एसएचओ भूपेंद्र सिंह बृजवाल, प्रभारी चौकी बन्नाखेड़ा सुरेंद्र सिंह खड़ायत, प्रभारी चौकी महतोष मुकेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह, कांस्टेबल अमित देवरानी, लक्ष्मण कुमार, रघुवर सिंह शामिल थे।