Uttarakhand News 21 Nov 2026: देहरादून। अंकिता भंडारी की मां को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने एसएसपी देहरादून को जांच के आदेश जारी किए हैं। निर्देशित किया गया है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तहरीर ली जाए और इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपिताें की पहचान करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा बढ़ाई जाए।

अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें वह कह रही हैं कि उन्हें धमकी मिली है कि सरकार के खिलाफ मुंह खोला तो परिवार का पता भी नहीं चलेगा। भावुक शब्दों में वह कह रही हैं कि वह जिंदा रहे या नहीं रहे, लेकिन उन्होंने स्वाभिमान के लिए लड़ाई लड़ी है।

स्वाभिमान के लिए उनकी बेटी अंकिता ने जान दे दी। बदले में उन्हें क्या मिला। उनकी बेटी स्वाभिमान के लिए जान नहीं देती तो कैसे पता चलता कि रिसोर्ट में क्या चल रहा है। कहा कि पिछले चार साल से वह न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं लेकिन कुछ नहीं मिला। उनकी बेटी का चरित्र हनन किया जा रहा है, जबकि सरकार ऐसे लोगों पर कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं।

पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए धमकी देने वालों की पहचान करने के लिए एसएसपी देहरादून को निर्देशित किया गया है। इस मामले में जल्द ही तहरीर लेकर मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। जांच में यदि धमकी देने वाली बात सत्य निकली तो इस पर कार्रवाई भी की जाएगा।