Uttarakhand News 17 Oct 2026: पैसों को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर ने दूसरे की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को उसके ढुलान कार्य का तय दाम नहीं मिल रहा था। विवाद बढ़ने पर युवक ने दूसरे युवक को बांस से हमला कर चोटिल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

तहसील जिलासू के सेमी गांव में पेयजल निगम की ओर से पानी के टैंक का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जहां खच्चर संचालक सुनील कुमार (28) निवासी गोतेंडा थराली और सुमित (28) निवासी बिजनौर उत्तरप्रदेश के बीच रेत ढुलान कार्य के लिए तय राशि न दिए जाने पर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर सुनील ने सुमित पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। सुमित के गंभीर घायल होने के बाद भी सुनील नहीं रुका। एक अन्य मजदूर जब बीच बचाव कराने आया तो आरोपी ने उसे धमकी देकर हटा दिया।

घबराए मजदूर ने ठेकेदार को जानकारी दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया। वहीं, गंभीर घायल सुमित को उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।