Uttarakhand News 22 May 2026: अल्मोड़ा। साइबर ठगों ने शातिराना अंदाज में मुख्यालय निवासी कक्षा पांच के छात्र को झांसे में लेकर आनलाइन गेम फ्री फायर में डायमंड बंडल दिलाने का झांसा देकर 98 हजार की ठगी कर ली।
साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों की मेहनत की कमाई को उड़ा रहे हैं। मुख्यालय निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर बताया कि उनकी पत्नी के मोबाइल नंबर से बैंक का खाता लिंक है।
साइबर ठगों ने पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले उनके बेटे को काल कर आनलाइन गेम फ्री फायर में डायमंड बंडल दिलाने का झांसा दिया।
ठगों ने बच्चे को बहला-फुसलाकर बैंक खाते की जानकारी प्राप्त कर ली तथा और सात से आठ मई के बीच खाते से कुल 98,559 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए।
घटना की जानकारी होने पर परिवार ने बैंक से संपर्क किया, जहां खाते से रकम निकाले जाने की पुष्टि हुई। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।










