Uttarakhand News 19 Nov 2026: Dehradun Woman Murder Case: हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल को साफ्ट टारगेट मान रहे हैं। दो साल में हत्या की चार ऐसी वारदातें सामने आ चुकी हैं, जहां अपराधियों ने हत्या के बाद शव जंगल में छिपा दिए।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने और लोगों की आवाजाही कम होने के कारण हत्यारे शवों को जंगलों में फेंककर फरार हो रहे हैं। जंगलों में शव मिलने की घटनाएं इस बात की ओर इशारा कर रही हैं कि अपराधी वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए सुनसान स्थानों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
जंगलों का बड़ा क्षेत्र और सीमित निगरानी जांच को और चुनौतीपूर्ण बना देती है। शहर के आसपास जंगलों और सुनसान स्थानों पर आवाजाही कम रहती है, इसी का फायदा अपराधी भी उठा रहे हैं।
प्रेम संबंधों के चलते प्रेमी संग की पति की हत्या
केस 1: 11 मार्च को प्रेमनगर क्षेत्र में बालासुंदरी मंदिर के निकट जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। सुनसान इलाके में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के चलते महिला ने पति को रास्ते से हटाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की।
प्रेमिका की हत्या कर शव आशारोड़ी जंगल में फेंका
केस 2: 29 जनवरी को जमालपुर कला कनखल जिला हरिद्वार निवासी शहरूल जहां ने पटेलनगर कोतवाली में अपनी 24 वर्षीय बेटी शहनूर की गुमशुदगी की रिपेार्ट दर्ज कराई थी। बताया कि उनकी बेटी हरिद्वार रोड स्थित संस्कृति विहार कालोनी में रहकर ब्यूटी पार्लर का काम करती थी। 26 दिसंबर 2023 से वह लापता है।
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि शहनूर संस्कृति लोक कालोनी में राशिद निवासी बागोवाली थाना नई मंडी जिला मुजफ्फरनगर यूपी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। युवती के गुम होने के बाद से राशिद भी फरार चल रहा है। पुलिस ने राशिद को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला कि उसे 27 दिसंबर 2023 को शहनूर की गला दबाकर हत्या कर दी और शव आशारोड़ी जंगल में फेंक दिया।
हत्या कर शव चिड़ियापुर के जंगल में छिपाया
केस 3: नौ फरवरी 2026 को आरोपितों ने मिलकर दिगंबर धीमान की हत्या कर दी। इसके बाद शव चिड़ियापुर के जंगल में छिपा दिया। मृतक के पिता ने पुलिस के पास गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच की तो एक आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर शव चिड़ियापुर के जंगल से बरामद किया गया।









