Uttarakhand News 20 April 2026: बागेश्वर जिले में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक घंटे के भीतर धरती तीन बार कांपने से लोग सहम गए और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का सिलसिला सुबह साढ़े दस बजे शुरू हुआ और 11:31 बजे तक जारी रहा। झटकों का केंद्र कपकोट तहसील के बदियाकोट, सोराग और बाछम क्षेत्र के आसपास दर्ज किया गया है।

भूकंप के दो हल्के झटकों के बाद सुबह 11:31 बजे जिले में तीसरा झटका महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से पांच किमी की गहराई पर बदियाकोट-सोराग क्षेत्र के पास था। इससे पूर्व 10:32 बजे 3.1 तीव्रता और 10:46 बजे 2.6 तीव्रता पर भी झटके आए थे। झटकों का केंद्र कपकोट के दूरस्थ बाछम, सोराग और बदियाकोट क्षेत्र में होने के कारण इन इलाकों में कंपन अधिक महसूस किया गया। जिले की अन्य तहसीलों में भी हल्के झटके लगे।

अक्षय तृतीया पर चारधाम यात्रा का आगाज: खुले गंगोत्री-यमुनोत्री मंदिर के कपाट, लगे मां गंगा-यमुना के जयकारे
जिले में एक के बाद एक तीन झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के आंकड़ों के अनुसार इनका केंद्र बाछम और बदियाकोट क्षेत्र के आसपास है। अभी तक सभी तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कहीं से भी किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। राजस्व विभाग की टीम को प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।