Uttarakhand News 18 Sep 2026: राज्य कर विभाग ने प्रदेशभर में मिठाई व बेकरी उत्पाद विक्रेता व्यापारियों के यहां छापा मारकर 2.53 करोड़ की जीएसटी वसूली है। आगामी त्योहारी सीजन तक विभाग की यह कार्रवाई जारी रहेगी।

राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन के निर्देश पर विभाग की संयुक्त ऑडिट व विशेष अनुवेषण शाखा की ओर से प्रदेशभर में 41 चिन्हित व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। विभाग ने अलग-अलग टीमों का गठन कर मिठाई व बेकरी उत्पाद विक्रेताओं के जीएसटी रिटर्न से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला।

प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मिठाई विक्रेता रेस्टोरेंट के नाम पर गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ ले रहे थे। इस पर विभाग ने कार्रवाई के दौरान 2.53 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि की वसूली की है।

राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने कहा, राजस्व संग्रह में पारदर्शिता व टैक्स व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मिठाई व खाद्य सामग्री की खरीदते समय बिल अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा, कर अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ ही उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना विभाग की प्राथमिकता है।