Uttarakhand News 28 Nov 2026: हल्द्वानी। एमबी इंटर कालेज मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेला-2026 के चौथे दिन महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और डिजिटल जागरूकता का अनूठा संगम दिखा। देशभर के 250 स्टालों पर खरीदारी के साथ ही विभिन्न विभागों ने आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ा।

जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने महिलाओं व युवाओं को एमएसएमई नीति, पीएमईजीपी (15 से 35 प्रतिशत अनुदान), मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, स्टार्टअप नीति, एकल खिड़की प्रणाली और पीएम विश्वकर्मा योजना की जानकारी दी। दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी व सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया।

दृश्य कला में कुसुम पांडे प्रथम व राखी द्वितीय रहीं, जबकि लघु उद्योग में मुक्तेश्वर एग्रो फ्रूट ने प्रथम व आर्गेनिकीम ने द्वितीय स्थान पाया। सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक अमित बाबू गोस्वामी के गीतों और सेंट पाल स्कूल के झोड़ा नृत्य ने समां बांधा।

जनगणना और ईवीएम के प्रति किया जा रहा जागरूक
डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मेले में जनगणना-2027 का स्टाल लगाया गया है। यहां तैनात टीम 30 नवंबर तक वेब पोर्टल के माध्यम से आनलाइन स्व-गणना का तकनीकी मार्गदर्शन दे रही है।

वहीं, विधानसभा चुनाव-2027 के दृष्टिगत जिले में ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान जारी है। सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल वैन व 75 मशीनों से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझाई जा रही है।

चारदीवारी से निकलकर रैंप पर उतरीं नारी शक्ति
मेले का मुख्य आकर्षण एनआरएलएम के तहत आयोजित फैशन शो रहा, जहां घर की चारदीवारी से निकलकर महिलाएं खुद माडल बनीं।

कविता ऐडी, प्रियंका गोस्वामी, भावना मेहरा, राधा बिष्ट, बचूली देवी, कंचन कनवाल, मंजू विश्वकर्मा, श्रेया तिवारी व भावना ने कुमाऊनी ऐपण साड़ी, रेशमी पिछौड़ा, ऊनी वस्त्र, रिंगाल व जूट उत्पाद पहनकर आत्मविश्वास से रैंप वाक किया।

सीडीओ अरविंद कुमार पांडे और पीडी शिल्पी पंत ने कहा कि यह मंच ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को नया बाजार और पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

सरस मेले में “कौन बनेगा लखपति दीदी” शो ने बांधा समां
हल्द्वानी: सरस आजीविका मेला में शुक्रवार को आयोजित विशेष कामेडी शो कौन बनेगा लखपति दीदी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। शो में हमिताभ बच्चन बने कलाकार ने अपनी दमदार आवाज, अंदाज और हाजिरजवाबी से पूरे पंडाल को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजा दिया।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की दीदियों ने हाट सीट पर बैठकर मजेदार सवालों के जवाब दिए। हमिताभ बच्चन और दीदियों के बीच हुई कामेडी नोकझोंक पर दर्शक खूब हंसे। इस दौरान दीदियों ने अपनी आजीविका, उत्पादों और आत्मनिर्भर बनने की सफलता की कहानियां भी साझा कीं।

आयोजकों के अनुसार, इस शो का उद्देश्य लखपति दीदी योजना को जन-जन तक पहुंचाना और महिलाओं को सशक्त बनाना है। स्टालों पर हस्तशिल्प, हथकरघा और पहाड़ी उत्पादों की बिक्री जारी है।