Uttarakhand News 10 July 2026: देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से वर्षा, सड़क संपर्क, नदियों के जलस्तर और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।
इन जिलों ऑरेंज अलर्ट
उन्होंने कहा कि 10 जुलाई के लिए नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और चंपावत में रेड अलर्ट एवं देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी है। सभी जिलाधिकारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, लोक निर्माण, पेयजल, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा को लेकर निर्देश दिए गए कि खराब मौसम में यात्रियों को सुरक्षित होल्डिंग प्वाइंट पर रोका जाए तथा भोजन, पेयजल, दवाइयां, बच्चों के लिए दूध और आवास जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा आगे बढ़ाई जाए।
सचिव ने नदियों, गाड़-गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। वर्षा से बंद सड़कों, पेयजल और बिजली व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने तथा संवेदनशील स्थानों पर मशीनें और मानवबल पहले से तैनात रखने को कहा गया।
ग्रामीण सड़कें प्राथमिकता से खोलने के निर्देश
सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक राहत और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए वर्षा से बाधित ग्रामीण सड़कों को युद्धस्तर पर खोलना सुनिश्चित किया जाए।
प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील
उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की।










