Uttarakhand News 14 July 2026: उत्तराखंड हाईकोर्ट की सख्ती के बाद देहरादून स्मार्ट सिटी की इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में बदलाव किया गया है। हाईकोर्ट में लंबित याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने यह माना कि इलेक्ट्रिक बसें वर्ष 2019 के समझौते में तय रूट के बजाय अन्य मार्गों पर भी चलाई जा रहीं। अदालत ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड से इस संबंध में जवाब तलब किया है।
हाईकोर्ट ने समझौते से बाहर संचालन पर जताई आपत्ति
हाईकोर्ट के इसी आदेश के बाद राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत संचालित बैटरी चालित बसों का संचालन केवल शेड्यूल-जे में निर्धारित रूट पर ही किया जाए।
एसटीए ने तत्काल प्रभाव से देहरादून-विकासनगर-डाकपत्थर और उससे जुड़े अंतरराज्यीय मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन रोकने के आदेश दिए हैं। अब ये बसें केवल सुद्धोवाला-प्रेमनगर-घंटाघर-रायपुर मार्ग पर ही संचालित होंगी।
एसटीए ने तत्काल प्रभाव से जारी किए निर्देश
दरअसल, राम कुमार सैनी की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि वर्ष 2019 के समझौते में इलेक्ट्रिक बसों के लिए जिन मार्गों का निर्धारण किया गया था, स्मार्ट सिटी लिमिटेड उनके विपरीत अन्य रूटों पर भी बसें चला रही है। याचिका में इसे समझौते का उल्लंघन बताया गया है। हाईकोर्ट ने इस मामले में स्मार्ट सिटी लिमिटेड को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया है और अगली सुनवाई की तिथि तय कर दी है।
अब केवल सुद्धोवाला-प्रेमनगर-घंटाघर-रायपुर रूट पर चलेंगी बसें
एसटीए के आदेश में कहा गया है कि हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले को देखते हुए शेड्यूल-जे का कड़ाई से पालन कराया जाए। यदि निर्धारित मार्ग के अलावा किसी अन्य रूट पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पाया गया तो उसे तत्काल प्रभाव से रोका जाएगा। इससे फिलहाल विकासनगर-डाकपत्थर रूट पर चल रही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बंद हो जाएगा।










