Uttarakhand New 5 Sep 2026: देहरादून। नेपाल में आई आपदा के बीच प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास पहुंचकर नेपाल के राजदूत से भेंट की। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड समेत पूरा भारत नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार नेपाल को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है।

राजदूत से मुलाकात कर आपदा पर जताई संवेदना
नई दिल्ली में शुक्रवार को हुई मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री महाराज ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराना रोटी-बेटी का संबंध है। दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंध भी हैं। उन्होंने बताया कि भारत की राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें नेपाल के आपदाग्रस्त क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है।

प्रस्तावित लैंड पोर्ट से संबंधित बाधाओं का समाधान
सतपाल महाराज ने कहा कि महेंद्रनगर और बनबसा के बीच प्रस्तावित लैंड पोर्ट से संबंधित बाधाओं का समाधान कर दिया गया है। लैंड पोर्ट के बनने से भारत और नेपाल के बीच आवागमन और पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी तथा इसका लाभ दोनों देशों को मिलेगा।