Uttarakhand News 22 April 2026: रानीखेत। कर्नाटक में कार हादसे में रानीखेत का युवक जान गंवा बैठा। वह दोस्तों के साथ जरूरी काम से निकला था कि अनियंत्रित वाहन डिवाइडर से जा टकराया।

उतर प्रदेश के दौर में एमएलसी रहे स्व. बीडी शर्मा का प्रपौत्र व कांग्रेसी नेता त्रिभुवन शर्मा का पुत्र कार्तिकेय कर्नाटक के एक संस्थान से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था। होनहार कार्तिकेय इकलौता था। इधर दुर्घटना का पता लगते ही नगरवासी स्तब्ध रह गए। स्वजन में कोहराम मच गया।

अगले माह पूरा होना था एचएम कोर्स
नगर के प्रतिष्ठित होटल कारोबारी व कांग्रेसी कार्यकर्ता त्रिभुवन शर्मा के 23 वर्षीय पुत्र कार्तिकेय का एचएम कोर्स अगले माह मई में पूर्ण होना था। बीते सोमवार की रात वह दो अन्य दोस्तों के साथ कार से किसी कार्य के सिलसिले में निकला था।

दुर्घटना के वक्त स्वजन हल्द्वानी में एक विवाह समारोह में थे। उन्हें सूचना दी गई कि उनका पुत्र घायल है। बीते मंगलवार को दोपहर वह कर्नाटक रवाना हुए मगर कार्तिकेय दम तोड़ चुका था। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक बुधवार को शव सुपुर्दगी में लेने के बाद वहीं अंत्येष्टि कर दी गई।

सियासी दलों व व्यापारी नेताओं ने जताई संवेदना
कांग्रेस कार्यकर्ता त्रिभुवन शर्मा को पुत्रशोक पर यहां सभा हुई। दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई। इसमें पूर्व विधायक करन माहरा, अगस्त साह, जयंत रौतेला, पंकज जोशी, पंकज गुरुरानी, प्रदीप मेहरा, प्रमोद पाल, कुलदीप कुमार, सुनील कुमार, दीप उपाध्याय, संदीप बंसल, रमेश पंत, विनीत चौरसिया, सोनू सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।

वहीं कार्तिकेय के चाचा प्रेम शर्मा भाजपा नेता हैं। विधायक डा. प्रमोद नैनवाल, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, पूर्व प्रमुख धन सिंह रावत व हीरा सिंह रावत, प्रदेश मंत्री विमला रावत, लक्ष्मण नेगी, हरीश हर्बोला, धन सिंह बिष्ट, भुवन पपनै, दामोदर सती, संजय पंत, गिरीश भगत, दीप भगत आदि ने भी गहरी संवेदना जताई है।