Uttarakhand News 10 Sep 2026: हल्द्वानी। नैनीताल के ज्योलिकोट में दूषित पानी पीने से स्थानीय लोग लगातार बीमार हो रहे हैं। इसके चलते मरीजों को हल्द्वानी रेफर किया जा रहा है। बुधवार को एसटीएच में पीलिया से पीड़ित ज्योलिकोट के 11 मरीज भर्ती हुए। डाक्टरों के अनुसार एक की स्थिति गंभीर बनी है, जिसे आइसीयू में भर्ती किया गया है।
कुमाऊं के हायर सेंटर डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में ज्योलिकोट से पीलिया के मरीज लगातार भर्ती हो रहे हैं। ज्योलिकोट क्षेत्र में गंदा पानी पीने से बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बीमार हो गए हैं। इसमें अधिकतर मरीज लीवर में इन्फेक्शन, पीलिया से पीड़ित हैं।
बुधवार को एसटीएच में ज्योलिकोट से ऐसे 11 मरीज भर्ती हुए हैं। इसमें एक 17 वर्षीय किशोर वैभव टम्टा की हालत गंभीर बनी हुई है।
एसटीएच के वरिष्ठ फिजिशियन, नोडल अधिकारी डा. परमजीत सिंह ने बताया कि वैभव टम्टा को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि ज्योलीकोट के अन्य 10 मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है।
एसटीएच के चिकित्सा अधीक्षक डा. अरुण जोशी ने कहा कि ज्योलीकोट से रेफर हुए सभी मरीजों का अस्पताल में नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। कहा कि डाक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी में लगी है।










