Uttarakhand News 07 Aug 2026: (अल्मोरा)। सल्ट के डभरा सौराल के घोड़ीधार में बाघ के आतंक के बीच स्याल्दे ब्लाक क्षेत्र में गुलदार युवती पर झपट गया। देर शाम मवेशियों के लिए घर से कुछ दूर घास लेने गई युवती गुलदार के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि युवती ने हौसला जुटाकर दराती के सहारे गुलदार का सामना किया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट में भर्ती कराया गया है।
बबलिया ग्राम पंचायत के मयाल तोक निवासी हर सिंह कत्यूरा की 22 वर्षीय पुत्री सुनीता गुरुवार पर देर शाम गुलदार ने हमला कर दिया। अचानक गुलदार के झपटने से वह डरी जरूर लेकिन साहस से काम लिया। चीखी चिल्लाई। स्वजन व ग्रामीणों को मदद के लिए पुकारा और दराती की मदद से गुलदार से भिड़ी भी रही। चीखने की आवाज सुन ग्रामीण व स्वजन मौके की ओर दौड़े। हल्ला मचने पर गुलदार युवती को घायल कर दूर जंगल की ओर बढ़ गया।
सामाजिक कार्यकर्ता सुमित सिंह मनराल ने बताया कि सूचना पर वन अनुभाग अधिकारी चंद्रशेखर त्रिपाठी, बीट अधिकारी पंकज सिंह बिष्ट, किशोर कुमार आर्या, बलवीर सिंह आदि घटनास्थल पर पहुंचे। उधर घायल युवती का सीएचसी देघाट में उपचार किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर घटनास्थल के आसपास ट्रैप कैमरे और पिंजरा लगाया जा लहा है। वन कर्मियों के दल ने गांव में गश्त तेज कर दी है।










