Uttarakhand News 9 Nov 2026: रुद्रपुर में दिवाली के दिन 46वीं वाहिनी पीएसी में तैनात प्रशिक्षु जवान विष्णु कुमार (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह पीएसी परिसर में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान होने की बात कही है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

सूचना मिलने पर पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

मृतक के पिता हरीश राम हरिद्वार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि विष्णु पिछले छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में रहकर ट्रेनिंग ले रहा था। ट्रेनिंग के चलते वह दिवाली पर घर नहीं आ सका था। शनिवार देर शाम उसकी पिता से फोन पर बात हुई थी, उस समय बातचीत सामान्य थी। किसी तरह की परेशानी की कोई बात सामने नहीं आई थी।

पिता ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताया है। उनका कहना है कि रुद्रपुर पहुंचकर शव देखने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस जवान के साथियों से पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।