Uttarakhand News 25 Sep 2026: रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की शिव इन्कलेव कॉलोनी में गुरुवार देर रात नकाबपोश युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोप है कि युवकों ने करीब दस राउंड फायर किए। इससे कॉलोनी में अफरातफरी मच गई और दो वाहनों के शीशे भी टूट गए।

बताया गया कि युवती करीब डेढ़ माह से शिव इन्कलेव कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही थी। कॉलोनी के लोगों के अनुसार, उसके घर पर अक्सर युवकों का आना-जाना रहता था। गुरुवार देर रात भी एक युवक उसके घर पहुंचा।

इस पर कुछ लोगों ने विरोध किया। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद कई नकाबपोश युवक कार से वहां पहुंचे और हंगामा करने के साथ ही फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर कॉलोनी में दहशत फैल गई।

लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित मौके से फरार हो गए। कॉलोनी के लोगों के अनुसार, भागते समय कुत्तों के भौंकने पर युवकों ने एक कुत्ते पर भी फायर किया।

सूचना पर पहुंची ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से जानकारी ली। मौके पर मिली आरोपितों की कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस कार के आधार पर आरोपितों की पहचान और फायरिंग की घटना की जांच कर रही है।