Uttarakhand News 13 Oct 2026: देहरादून। वशीकरण का झांसा देकर लोगों से ठगी करने और इस रकम को ठिकाने लगाने के लिए फर्जी दस्तावेजों से बैंक खाते खुलवाने का मामला सामने आया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने चमन विहार स्थित आशियाना होम्स के एक फ्लैट से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, आठ आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड, चार मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में करीब 100 लोगों को वशीकरण के नाम पर ठगने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि सोमवार को चमन विहार कट के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आशियाना होम्स के एक फ्लैट में रहने वाले दो युवक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवा रहे हैं। साथ ही वशीकरण का झांसा देकर लोगों से ठगी करते हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए फ्लैट पर दबिश दी। दूसरी मंजिल पर लिफ्ट से उतरते ही दो युवक सामने वाले कमरे में घुसने का प्रयास करने लगे। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान सलमान निवासी शामली, उत्तर प्रदेश और शाहरुख निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से चार मोबाइल फोन और अलग-अलग लोगों के नाम के पहचान पत्र व बैंक कार्ड मिले। फ्लैट में रखे एक बैग से बैंक पासबुक, चेकबुक, खाता खोलने के फॉर्म, पैन कार्ड और आधार कार्ड की प्रतियां भी बरामद की गईं। इनमें मोहम्मद भूरा और दिलनवाज के नाम से जुड़े दस्तावेज भी शामिल हैं।
फर्जी नामों से खाते खुलवाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वशीकरण के नाम पर लोगों को अपने झांसे में लेकर उनसे रकम ठगते थे। ठगी की रकम के लेन-देन के लिए उन्हें दूसरे बैंक खातों की जरूरत थी। इसके लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खाते खुलवाए गए थे। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन में वशीकरण से जुड़े फोटो, लिंक और व्हाट्सएप के जरिये लोगों से संपर्क करने के साक्ष्य भी मिले हैं। बरामद दस्तावेजों में दो अन्य लोगों के नाम के लाखों रुपये के चेक भी शामिल हैं। पुलिस इनके स्रोत और संभावित लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।










