Uttarakhand News 27 Nov 2026: परिवहन निगम के अधिसूचित मार्गों पर निजी बस संचालकों को स्टेज कैरिज परमिट देकर उतारने के परिवहन विभाग के निर्णय के बाद अब उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) ने किराये के मोर्चे पर पलटवार की तैयारी कर ली है।
यात्रियों को अपने पाले में बनाए रखने के लिए निगम निजी बसों व मैक्सी कैब के किराये से सीधा मुकाबला करेगा। जिस मार्ग पर निजी बस का किराया कम और रोडवेज का ज्यादा होगा, वहां सरकारी बस का भाड़ा घटाकर बराबर किया जाएगा। इससे यात्रियों को महंगे विकल्प के बजाय कम किराये में सफर का मौका मिलेगा।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने प्रदेशभर में मार्गवार किराये के पुनर्निरीक्षण के आदेश दिए हैं। महाप्रबंधक (आइटी) भूपेश आनंद कुशवाहा की अध्यक्षता में गठित समिति निजी बसों और मैक्सी कैब के किराये का अध्ययन कर रोडवेज के किराये से तुलना करेगी।
समिति में उप महाप्रबंधक संचालन पूजा कहेरा और मुख्यालय के सहायक महाप्रबंधक वित्त राजीव गुप्ता शामिल हैं। संबंधित मंडल प्रबंधक और डिपो प्रबंधक भी इस पड़ताल का हिस्सा होंगे। समिति पूरे प्रदेश के प्रत्येक मार्ग पर किराये की स्थिति खंगालेगी।
जहां रोडवेज का किराया निजी आपरेटरों के मुकाबले महंगा होगा, वहां किराया कम करने की सिफारिश की जाएगी। समिति को एक माह में रिपोर्ट देनी है।
किराये की जंग में फायदा यात्रियों का
निजी बसों को परमिट मिलने के बाद निगम के सामने यात्रियों और आय को बचाने की चुनौती है। अब किराये में प्रतिस्पर्धा बढ़ने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एक ही मार्ग पर सरकारी और निजी बसों के किराये का अंतर घटेगा, वहीं निजी बस आपरेटरों पर भी किराया प्रतिस्पर्धी रखने का दबाव बनेगा। पर्वतीय मार्गों पर संचालन के घाटे की भरपाई राज्य सरकार से होने के चलते निगम कम किराये पर भी मुकाबले की तैयारी कर रहा है।
निजी बसों व मैक्सी कैब के किराये से रोडवेज का किराया मिलाया जाएगा। जहां सरकारी बसें महंगी पड़ेंगी, वहां किराया घटाकर निजी आपरेटरों के बराबर किया जाएगा। निगम अब किराये के मोर्चे पर भी मुकाबले में उतरेगा। हमारा प्रयास है कि यात्रियों को कम किराये में सफर मिले और रोडवेज की बसें प्रतिस्पर्धा में पीछे न रहें।









