Uttarakhand News 26 May 2026: अल्मोड़ा के लोअर माल रोड स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में बीते सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कूटी कॉलेज गेट के समीप तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। हादसे में स्कूटी चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जबकि पीछे बैठा उसका साथी भी चोटिल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बख गांव निवासी संदीप आर्या अपने साथी विजय कुमार के साथ बेस की ओर से जलालबैंड जा रहे थे। इसी दौरान कॉलेज गेट के पास मोड़ पर स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संदीप आर्या को सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों के मुताबिक उनका एक पैर फ्रैक्चर भी हुआ है। वहीं विजय कुमार को पैर और छाती में हल्की चोटें आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद युवाओं ने तत्काल दोनों घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद विजय कुमार को छुट्टी दे दी गई, जबकि संदीप की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है । स्थानीय लोगों के मुताबिक स्कूटी काफी तेज गति में थी और दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोड़ पर अचानक नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हुआ जिसके चलते चालक के सिर पर गंभीर चोट लगी।

बताया जा रहा है कि युवक विजय कुमार जन्मदिन था। वह जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। हादसे से कुछ समय पहले उन्होंने एक होटल में जन्मदिन सेलिब्रेट किया था लेकिन लौटते वक्त खुशियों का यह सफर हादसे में बदल गया।